
कोरबा, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को कोरबा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कलेक्टोरेट परिसर सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं भवनों में दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और सहभागिता का संदेश दिया गया।

कलेक्टोरेट भवन में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान कलेक्टोरेट भवन एवं परिसर में स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष भी दीप प्रज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, सहायक कलेक्टर विशाल जायसवाल, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी प्रकार जिला पंचायत भवन, नगर पालिक निगम कार्यालय सहित अन्य शासकीय कार्यालयों एवं भवनों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। जिले के जनपद मुख्यालयों में जनपद पंचायत कार्यालयों तथा विकासखंड स्तर के अन्य शासकीय कार्यालयों और छात्रावासों में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के स्व-सहायता समूहों, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न संस्थाओं ने भी सहभागिता की। बांगो डैम में भी दीप प्रज्वलित कर अभियान के प्रति अपनी सहभागिता प्रदर्शित की गई। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता की भावना को अभिव्यक्त किया गया।






