
दूर से पानी लाने की मेहनत और समय बचा, इंदु कंवर के परिवार को मिली बड़ी राहत
कोरबा, 20 सितंबर 2026।
गांवों में घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीण परिवारों के दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ रही है। ग्राम पटपरा, विकासखंड पाली की श्रीमती इंदु कंवर के परिवार को जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना का लाभ मिला है। घर में टेपनल के माध्यम से पानी उपलब्ध होने से अब परिवार को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर जाकर पानी लाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
श्रीमती इंदु कंवर बताती हैं कि पहले गांव में पानी की समस्या रहती थी और गर्मी के दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती थी। घर से दूर जाकर पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। बरसात के दिनों तथा शाम या रात के समय पेयजल की आवश्यकता होने पर बाहर जाकर पानी लाना और भी कठिन होता था।
उन्होंने बताया, “पहले घर से दूर स्थित हैंडपंप से पानी लाने जाना पड़ता था। गर्मी में बहुत परेशानी होती थी और पानी लाने में काफी समय लगता था। अब जल जीवन मिशन से घर में ही टेपनल के माध्यम से साफ और स्वच्छ पानी मिल रहा है। खाना बनाने, पीने और निस्तारी के लिए पानी आसानी से उपलब्ध हो जाता है।”

घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से परिवार को पानी की व्यवस्था को लेकर होने वाली रोजाना की चिंता से भी राहत मिली है। पानी भरने में लगने वाला समय और श्रम बचने से परिवार के अन्य दैनिक कार्य सुगमता से पूरे हो रहे हैं। स्वच्छ जल की उपलब्धता से दूषित पानी से होने वाली बीमारियों को लेकर चिंता भी कम हुई है।
श्रीमती इंदु कंवर ने जल जीवन मिशन के माध्यम से घर तक पेयजल सुविधा पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हर घर जल की सुविधा से परिवार की दिनचर्या आसान हुई है और पानी लाने में लगने वाला समय एवं मेहनत दोनों बच रहे हैं।







