
कलेक्टर के माध्यम से विभागीय सचिव को सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
कोरबा, 12 नवंबर 2026।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के आह्वान पर गुरुवार को कोरबा जिले के नियमित एवं प्रभारी छात्रावास अधीक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अधीक्षकों ने शासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के पश्चात संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ का कहना है कि छात्रावास अधीक्षक विषम परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा, भोजन, आवास एवं दैनिक व्यवस्थाओं का संचालन करते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी सेवा संबंधी समस्याओं और छात्रावास संचालन में आ रही कठिनाइयों का समाधान नहीं हो पाया है।

अधीक्षकों की पांच सूत्रीय प्रमुख मांगें
- कार्य समय एवं सेवा शर्तों का निर्धारण: छात्रावास अधीक्षकों के दैनिक कार्य घंटे निर्धारित किए जाएं। साप्ताहिक एवं सार्वजनिक अवकाश का प्रावधान हो। 24 घंटे परिसर में अनिवार्य शारीरिक उपस्थिति के स्थान पर निर्धारित ड्यूटी एवं आवश्यकता पड़ने पर ऑन-कॉल व्यवस्था लागू की जाए। महिला अधीक्षिकाओं के परिजनों के निवास संबंधी नियम भी स्पष्ट किए जाएं।
- कैडर पुनर्गठन एवं पदोन्नति: विभागीय कैडर का पुनर्गठन कर मंडल संयोजक, क्षेत्र संयोजक एवं सहायक सांख्यिकी अधिकारी जैसे पदों पर पदोन्नति तथा विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति के अवसर प्रदान किए जाएं।
- VSK ऐप से छूट: शिक्षक संवर्ग के प्रभारी छात्रावास अधीक्षकों को VSK ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता से छूट दी जाए।
- ऑनलाइन उपस्थिति एवं मेस राशि की समस्या का समाधान: प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और अपलोड करने में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक परेशानियों को दूर किया जाए। मेस बजट में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
- छात्रावास संचालन के लिए अलग बजट: छात्रावास एवं आश्रमों के पूरे वर्ष के संचालन के लिए छात्रवृत्ति से अलग पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए, जिससे आवश्यक व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
कर्मचारी संगठनों ने भी दिया समर्थन
छात्रावास अधीक्षकों की मांगों को जायज बताते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनय सोनवानी तथा अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने आंदोलन को समर्थन प्रदान किया।
धरना-प्रदर्शन में छात्रावास अधीक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार जगत, उपाध्यक्ष भोजेश कुमार, सचिव विवेक शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सुरेश राठौर सहित जिले के समस्त नियमित एवं प्रभारी अधीक्षक-अधीक्षिकाएं अपने अवकाश लेकर शामिल हुए।
इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के संयोजक तरुण राठौर, उप संयोजक विपिन यादव एवं महासचिव ओमप्रकाश बघेल की गरिमामयी उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा गया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा और तेज
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों की सुविधाओं और अधिकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के हित, उनकी सुरक्षा, बेहतर आवासीय व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण देखभाल से भी जुड़ा हुआ है। अधीक्षकों को बेहतर कार्य परिस्थितियां और छात्रावासों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
संघ ने शासन से पांचों मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इस सांकेतिक आंदोलन के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णयानुसार प्रदेशभर में चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन किया जाएगा।






