

गजानन साईं मंदिर परिसर में महिला पदाधिकारियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, स्वच्छ एवं सुंदर भारत के निर्माण का लिया संकल्प
कोरबा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा संचालित स्वच्छ भारत अभियान की भावना को साकार करने के उद्देश्य से नरेंद्र मोदी विचार मंच महिला मंडल जिला कोरबा द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महिला मंडल जिला अध्यक्ष सुश्री अरुणा सान्याल के नेतृत्व में बुधवारी बाजार स्थित गजानन साईं मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ मंदिर प्रांगण की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन नरेंद्र मोदी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्माननीय श्री अमरनाथ सोनी जी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। आयोजन के दौरान स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने और अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों तथा सामाजिक परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।
महिला मंडल की जिला अध्यक्ष सुश्री अरुणा सान्याल ने कहा कि स्वच्छ भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा, तभी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति परिवार और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी उद्देश्य से महिला मंडल भविष्य में भी निरंतर स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेगा।

कार्यक्रम में इन पदाधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
इस स्वच्छता अभियान में महिला मंडल जिला अध्यक्ष सुश्री अरुणा सान्याल, महामंत्री श्रीमती पूनम राय, मंत्री श्रीमती संध्या (मीडिया प्रभारी), श्रीमती नीलम, श्रीमती केया सेनगुप्ता एवं श्रीमती राजकुमारी तथा प्रबंधकारिणी/कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती मधु बाजपेई, श्रीमती पिंकी, श्रीमती सुनीता, श्रीमती ममता एवं श्रीमती प्रतिमा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इसके साथ ही मंच के महामंत्री श्री अखिलेश जायसवाल एवं सचिव श्री अजय शर्मा का भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि नरेंद्र मोदी विचार मंच महिला मंडल जिला कोरबा द्वारा स्वच्छता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा तथा आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।







