
कोरबा। एनटीपीसी कोरबा की सीएसआर पहल के तहत आयोजित जूनियर बालक अंतर जिला राज्य फुटबॉल चैम्पियनशिप में डीएफए नारायणपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। 30 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के आठ जिला फुटबॉल संघों की टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट में नारायणपुर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और एक मुकाबले में डीएफए बालोद को 8-0 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।


प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों का चयन 4 से 25 अगस्त तक आयोजित 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। एनटीपीसी कोरबा ने विजेता टीम सहित सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, रेफरियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई देते हुए जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






