
कृषि विस्तार अधिकारियों एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

कोरबा, 27 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में निर्धारित संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र, कटघोरा, कोरबा में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरबा, कटघोरा एवं करतला विकासखंडों से लगभग 55 कृषि विस्तार अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न संकेतकों, उनकी वर्तमान प्रगति की समीक्षा, लक्षित हितग्राहियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान संकेतकों की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करते हुए शेष लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। योजना से संबंधित गतिविधियों, संकेतकों की प्रगति, आंकड़ों की शुद्धता, फील्ड स्तर पर सत्यापन तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के संबंध में प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजना के निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त करने तथा जिले में सभी संकेतकों की शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान योजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा प्रतिभागियों द्वारा आवश्यक सुझाव भी साझा किए गए।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के उद्देश्यों के अनुरूप जिले में कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के विकास को गति देने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजना का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री डी.पी.एस. कंवर, बीज प्रमाणीकरण अधिकारी लखनपुर-कटघोरा सुश्री मंजुला वर्मा, श्री गणेश मिश्रा, बीज प्रक्रिया प्रभारी लखनपुर-कटघोरा श्री सी.पी. मिश्रा तथा कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा से श्री दीपक तंवर, श्री एम.एस. उर्रे, श्रीमती अर्चना कुर्रे, डॉ. अंजय सिंह एवं सुश्री अनामिका निराला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






