
नाबालिगों के वाहन चलाने पर होगी सख्त कार्रवाई, स्कूलों में दोपहिया वाहनों के उपयोग पर लगेगी रोक
कोरबा। जिला सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी शासकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाबालिग छात्र-छात्राओं के स्कूल आने-जाने में दोपहिया वाहनों के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक एवं अनुशासित किया जाए।
उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि ओवरस्पीड वाहन संचालन, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करना, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करना तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित और प्रभावी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।






