
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा—बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से नक्सलवाद का हुआ खात्मा

दंतेवाड़ा। तिरंगा यात्रा के दूसरे दिवस उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को संबोधित किया

जिले के 211 वीर बलिदानी जवानों को उप मुख्यमंत्री ने किया नमन
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 सर्वोच्च बलिदानी वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के अमूल्य सहयोग से आज नक्सलवाद का खात्मा संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। आज उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने की हर घर तिरंगा लगाने की अपील
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए आमजनों से अपने घरों में तिरंगा लगाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।

सांसद महेश कश्यप ने बताया ऐतिहासिक गर्व का क्षण
बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था और नक्सल आतंक के चलते जहां किसी का पहुंचना संभव नहीं था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सफल मार्गदर्शन में नक्सलवाद का खात्मा हुआ है और इन क्षेत्रों में विकास तथा राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण बना है।
श्यामगिरी में शहीद पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी को दी श्रद्धांजलि
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचे। उन्होंने वर्ष 2019 में हुई घटना के घटनास्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्थानीय लोगों, चश्मदीदों और स्व. भीमा मंडावी के सहयोगियों ने घटना की विभीषिका की जानकारी दी।
श्रद्धांजलि के पश्चात उन्होंने अरनपुर और श्यामगिरी में हुई घटनाओं के 13 शहीदों की स्मृति में पौधरोपण किया। साथ ही स्थानीय लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की। मंत्री द्वय ने शहीद परिवारों से भी मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इस भावुक अवसर पर सभी की आंखें नम हो गईं, जब उन्होंने अपने साथी रहे और तत्कालीन दंतेवाड़ा विधायक स्व. भीमा मंडावी की पत्नी श्रीमती ओजस्वी मंडावी से मुलाकात की। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने शहीदों की याद में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
“बस्तर की जनता जीत गई, नक्सलवाद हार गया”—विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सली आतंक के दौरान स्थानीय समुदाय ने हिंसा में किसी न किसी अपने को खोया है। किसी ने मित्र, किसी ने भाई, पिता, रिश्तेदार, परिचित तो किसी ने अपने स्वजन को खोया।
उन्होंने ‘केन्जा नक्सली मनवा माटा अभियान’ का उल्लेख करते हुए बताया कि जब नक्सल पीड़ित राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे, तब एक छोटी बच्ची ने बताया था कि नक्सल हिंसा में उसने अपनी दोनों आंखें खो दी थीं। यह नक्सली दौर की भयावहता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए हमने बड़ा संघर्ष किया है। कई लोगों की शहादत के बाद आज हम शान से तिरंगा लहरा पा रहे हैं। पहले तिरंगा फहराने पर नक्सलियों द्वारा डराया जाता था, लेकिन अब कोई भी हमें तिरंगा फहराने से रोकने वाला नहीं है। अब भारत का संविधान हर कोने में बिना किसी डर के लागू होगा।
उन्होंने सभी से अपने घरों में तिरंगा लगाने और पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पा रहा है तो सोशल मीडिया पर तिरंगा जरूर लगाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया है। बस्तर की जनता के संकल्प ने नक्सलवाद को जड़ से मिटाने का कार्य किया है।
शहीद भीमा मंडावी के नाम पर होगा नकुलनार-बचेली मार्ग
ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नकुलनार से बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करने कलेक्टर को निर्देशित किया।
इस अवसर पर सभी ने ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और घटनास्थल की मिट्टी लेकर उसे स्मृति के रूप में संग्रहित किया।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर श्री बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
समूह की महिलाओं से की चर्चा
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने वहां पहुंची बिहान समूह की महिलाओं से चर्चा की और उन्हें लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के अंतर्गत शासन द्वारा बिहान समूह के उत्पादों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने महिलाओं से इसका लाभ उठाने की अपील की।
राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेताओं से की मुलाकात
मंत्री द्वय ने राष्ट्रपति भवन जाकर लौटीं बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर की मांदरी दल की महिलाओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले आप दिल्ली में राष्ट्रपति के पास गई थीं, अब राष्ट्रपति भी आपके घर आएंगी और चाय पीएंगी।
इस पर महिलाओं ने कहा कि वे भी चाहती हैं कि राष्ट्रपति बस्तर आएं और वे अपने हाथों से उन्हें भोजन कराएं।






