
आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कोरबा, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की लंबित राशि दिलाने, बिजली बिल में सुधार, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मानदेय भुगतान, मुआवजा, रोजगार उपलब्ध कराने और आजीविका से जोड़ने सहित अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आमजनों की शिकायतों एवं मांगों के निराकरण में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






