
हजारों नागरिकों ने लिया हिस्सा, ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के संकल्प से गूंजा राजधानी का शहर

रायपुर, 10 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर सोमवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाथ में तिरंगा थामकर हजारों नागरिकों के साथ यात्रा का नेतृत्व किया।
यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा लगभग एक किलोमीटर लंबे तिरंगे को हाथों में लेकर यात्रा करना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे मार्ग में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद तिरंगा देश के 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में जोड़ता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर की शौर्यगाथा को किया नमन
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन वीरों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, सेवा, साहस और कर्तव्य की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलता बस्तर अब हिंसा और भय से आगे बढ़कर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष बस्तर के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता की सामूहिक अभिव्यक्ति बताया। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है।

यात्रा में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर, निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।






