बारिश में बढ़ता जलस्तर बना चिंता का कारण, ग्रामीणों ने पुल की मांग उठाई
बारिश में बढ़ता जलस्तर बना चिंता का कारण, ग्रामीणों ने पुल की मांग उठाई
सूरजपुर। ग्राम पंचायत धुर क्षेत्र से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां स्कूली बच्चे रोजाना नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंचना बेहद जोखिम भरा हो जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रतिदिन नदी पार करनी पड़ती है। सामान्य दिनों में किसी तरह आवागमन हो जाता है, लेकिन बारिश के दौरान नदी में पानी बढ़ने पर स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों के नदी पार करने के दौरान फिसलने, बहने या किसी अन्य दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा प्राप्त करना हर बच्चे का अधिकार है, लेकिन सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को मजबूरी में जान जोखिम में डालनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नदी पर पुल अथवा सुरक्षित आवागमन की स्थायी व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए, ताकि बारिश के दिनों में किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।






